उदयपुर। अंजुमन तालीमुल इस्लाम उदयपुर की जानिब से हुज़ूर ﷺ की 1500वीं विलादत की ख़ुशी और बरकत में एक ख़ास मुहिम की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत संस्था ने 1500 पौधे लगाने का एलान किया है।

अंजुमन के सदर मुख़्तार अहमद कुरैशी और सेक्रेटरी एडवोकेट मुस्तफ़ा शेख ने बताया कि 30 अगस्त 2025 से जनरल हाउस के तमाम मेंबरान को पौधों का तक़सीम (वितरण) किया जाएगा। जो लोग अपने वालिदैन के इसाले सवाब के लिए पौधे लगाना चाहते हैं, वो इन पौधों को लेकर शहर के मुख़्तलिफ़ इलाक़ों में अपनी मर्ज़ी के मुताबिक़ लगाकर उनकी हिफ़ाज़त व निगरानी भी करेंगे।

पौधों के वितरण और लगाने की जगहें इस तरह तय की गई हैं :

1. मुर्शिद नगर – दारुल उलूम


2. खांजीपीर – क़ुतबे आलम मस्जिद


3. चेतक – क़ब्रिस्तान के पीछे वाली गली


4. मुल्ला तलाई – चिश्तिया नई बिल्डिंग


5. ग़रीब नवाज़ कॉलोनी – रूपनगर


6. नया खेड़ा – मस्जिद


7. धोली मगरी


8. शाही क़ब्रिस्तान



अंजुमन की जानिब से बताया गया कि क़ुरआन पाक की तालीमात में दरख़्त लगाना न सिर्फ इंसानों बल्कि तमाम मख़लूक़ के लिए रहमत और फ़ायदे का ज़रिया क़रार दिया गया है।

जुमे की नमाज़ के मौक़े पर शहर की तमाम मसाजिद के इमाम साहिबान से गुज़ारिश की गई है कि अपनी तक़रीर में इस नेक अमल का ज़िक्र करें और अवाम को पौधारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की दावत दें।

इस पूरे नेक अमल के लिए सारे पौधे आसिफ बेग मिर्ज़ा साहब की जानिब से दिए गए हैं, जबकि पौधों की ढुलाई और इंतेज़ामात अप्सरा रोडवेज़ के सलीम शेख साहब ने अंजाम दिए।

अंजुमन के प्रवक्ता राशिद ख़ान ने बताया कि यह मुहिम हुज़ूर ﷺ की 1500वीं विलादत की ख़ुशी में अवाम को पेड़ लगाने की तरगीब (प्रेरणा) देने और आने वाली नस्लों के लिए एक हरा-भरा माहौल बनाने की नीयत से शुरू की गई है।