उदयपुर । मत्स्य विभाग में नवनियुक्त एवं पदोन्नत मत्स्य विकास अधिकारी, सहायक मत्स्य विकास अधिकारी एवं मत्स्य निरीक्षकों का तीन दिवसीय आधारभूत मत्स्य प्रशिक्षण मंगलवार से मत्स्य भवन परिसर उदयपुर में प्रारम्भ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल कुमार जोशी ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञो द्वारा दिये जाने वाले व्याख्यानों की जानकारी प्रदान की। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में 21 मत्स्य अधिकारियों द्वारा भाग लिया जा रहा है। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में सेवानिवृत आरएएस अधिकारी अहसान अहमद छीपा ने अधिकारियों को कार्यालय संचालन में उपयोगी शासकीय नियमों की जानकारी दी। बांग्लादेश मछली पालन विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. बिनय कुमार चक्रवर्ती ने अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से बांग्लादेश एवं भारत में मत्स्य पालन कार्यक्रम की जानकारी एवं अपने अनुभव अधिकारियों से साझा किये। द्वितीय सत्र में सेवानिवृत वरिष्ठ लेखाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने सामान्य वित्तीय एवं लेखा नियमों की जानकारी प्रदान की। तत्पश्चात निदेशालय मत्स्य विभाग जयपुर के उप निदेशक मनोज कुमार मीणा ने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान सह योजना एवं राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड के माध्यम से संचालित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं डॉ. अकील अहमद ने विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था एवं कार्यालय संचालन पद्धति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रतिभागियों को दी।