उदयपुर | मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को टाइम बैंक ऑफ इंडिया के उदयपुर चैप्टर ने सेक्टर-14 स्थित तारा संस्थान वृद्धाश्रम में एक हृदयस्पर्शी कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता टाइम बैंक उदयपुर के सिटी एडमिन कृष्णकांत शर्मा ने की। मंच पर क्षेत्रीय एडमिन कपूर चंद्र जैन, श्रीमती रेणु माथुर एवं मनोहर चेलानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री संजय गुप्ता ने किया।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया टाइम बैंक के 40 सदस्यों ने आश्रम के बुजुर्गों के साथ चार घंटे (3-7 बजे) बिताकर उनका अकेलापन दूर किया। गेम्स, फिल्मी गीत, भजनों और चुटकुलों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना निवासियों में नव उमंग उत्पन्न की । इस दौरान बुजुर्गों ने फल एवं मिठाई का रसास्वादन भी किया, तथा  एकादशी के लिए वृद्धाश्रम में भोजन हेतु सहयोग राशि प्रदान की गई, उस दिन कतिपय सदस्य पुनः उपस्थित हो परोसकारी की सेवा देंगे। 
अंत में तारा संस्थान द्वारा सभी के लिए अल्पाहार के साथ धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया, जबकि टाइम बैंक की ओर से प्रेम सिंह सोलंकी ने आभार व्यक्त किया।