उदयपुर। ग्राम रथ अभियान के तहत सोमवार को खैरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कानुवाड़ा में विभागीय डीबीटी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चैक वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, समाजसेवी पुष्कर तेली तथा नाना लाल अहारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की फार्म पौंड, कृषि यंत्र, तारबंदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चैक वितरित किए गए। वहीं, ऋषभदेव पंचायत समिति के कोजावाड़ा निवासी श्री खेमराज मीणा को कृषि विभाग की खेत तलाई एफआरए योजना के तहत 94 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई। पशुपालन विभाग की मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों को 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा डीबीटी योजनाओं के जरिए पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर खेरवाड़ा उपखंड अधिकारी रामकरण, बीडीओ पंकज आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।