उदयपुर | कुमावत समाज, उदयपुर के तत्वावधान में समाज की प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक भागीदारी को सशक्त बनाने तथा समाज के विद्यार्थियों एवं युवाओं को भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से मेवाड़ संभाग स्तरीय करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 5 जुलाई 2026 को प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक न्यू अरिहंत नगर, कालका माता रोड, उदयपुर के एक निजी सभागार में किया जाएगा।
आयोजन समिति के संयोजक हरिशंकर कुमावत ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं उच्च शिक्षित गृहणियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा, अभियांत्रिकी, विधि, वाणिज्य, उद्योग, व्यवसाय, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की प्रामाणिक एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही करियर का चयन कर सकें।
कार्यक्रम में राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह टांक, समाजसेवी एवं शिक्षाविद गिरधारी लाल कुमावत छापरवाल, वरिष्ठ समाजसेवी हरिशंकर कुमावत खंडारिया, उद्योगपति रमेशचंद्र कुमावत बातरा, भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी कमलेश कुमावत, शिक्षाविद डॉ. ऋतु टांक, शिक्षाविद एवं अतिरिक्त परामर्शदाता विनोद कुमावत, शिक्षाविद डॉ. रजनीश कुमावत, उच्च न्यायालय के अधिवक्ता गगनदीप कुमावत, चार्टर्ड अकाउंटेंट धीरज टांक, चिकित्सक डॉ. दुष्यंत कुमावत तथा जिला उद्योग केंद्र उदयपुर के जनरल मैनेजर शैलेंद्र जिला उद्योग विभाग द्वारा नए उद्योग स्थापित करने एवं नए उद्योगों के लिए मिलने वाली सब्सिडी आदि के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। साथ ही सभी वक्तागण तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय एवं राज्य प्रशासनिक सेवाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा, अभियांत्रिकी, विधि, शिक्षा, उद्योग, व्यवसाय, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, उच्च शिक्षा के विकल्प तथा सफल करियर निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने प्रश्न पूछने का भी अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
कुमावत समाज, उदयपुर ने समाज के सभी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं उच्च शिक्षित गृहणियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।
Source: