उदयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के मण्डल मुख्यालय पर सत्र 2026-27 की सत्रारम्भ जिला कार्यकारिणी सभा का आयोजन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन के वार्षिक प्रतिवेदन, आगामी कार्ययोजना एवं विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में वीरेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन के शिविर केन्द्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शिविर केन्द्र के भवनों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा सम्पूर्ण परिसर को सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ब्लॉकों में प्रभारी सहायक जिला आयुक्त (कमिश्नर) की मॉनिटरिंग में सघन निरीक्षण कार्यक्रम संचालित करने, सी-बॉक्स पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा स्थानीय संघ स्तर पर अधिकाधिक स्काउट-गाइड गतिविधियों के आयोजन पर विशेष बल दिया।
बैठक के प्रारम्भ में जिला सचिव हीरालाल व्यास ने सभी अतिथियों एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए भारत स्काउट गाइड विभाग की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सायरा आशा सोनी ने सुझाव दिया कि ब्लॉक स्तर के सचिव एवं संयुक्त सचिवों की संगोष्ठियों का आयोजन प्रत्येक वर्ष रोटेशन प्रणाली के आधार पर किया जाए, जिससे सभी ब्लॉकों को समान अवसर प्राप्त हो सकें।
सी.ओ. स्काउट सुनील कुमार सोनी ने शिविर केन्द्र की वर्तमान स्थिति एवं विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी आवश्यकताओं से अवगत कराया। जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) अंजना शर्मा ने शिविर केन्द्र पर मण्डल एवं जिला विकास मद से बच्चों के भोजन की व्यवस्था हेतु टीनशेड निर्माण का प्रस्ताव रखा। निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को स्थानीय लेखा शाखा के माध्यम से तकनीकी सहयोग लेकर समयबद्ध रूप से सम्पन्न कराने का सुझाव दिया। सहायक राज्य संगठन आयुक्त मनमोहन स्वर्णकार ने कोटा मनी, स्टिकर राशि एवं अंकेक्षित लेखों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए वित्तीय अनुशासन एवं समयबद्ध लेखा संधारण पर बल दिया।
बैठक में सीबीईओ बड़गांव किरण कोटिया, सीबीईओ वल्लभनगर प्रीति शर्मा, सीबीईओ गोगुन्दा विजयलक्ष्मी सारस्वत, सीबीईओ नयागांव जयमाला खराड़ी, सीबीईओ कुराबड़ मीना शर्मा, सीबीईओ सायरा आशा सोनी, एसीबीईओ झाड़ोल सुधीर जोशी, एसीबीईओ खेरवाड़ा चिराग कुमार शर्मा, आरपी ऋषभदेव प्रदीप कुमार शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष महक सनाढ्य, सहायक आचार्य डॉ. धर्मपाल डूडी, जगदीश अरोड़ा, डॉ. शालिनी पिलानी, सहायक लीडर ट्रेनर अंजना शर्मा, दृष्टि गौड़, कुन्दप्रभा सुखवाल, सुभाष चन्द्र मलकीत कौर, शिप्रा चर्तुवेदी सहित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Source: