उदयपुर। ग्राम थोबावाड़ा, पोस्ट–उपरेटा, तहसील झाड़ोल, जिला उदयपुर में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। उदयपुर से करीब 75 किलोमीटर दूर एक अज्ञात व्यक्ति ने एक श्वान के शरीर में तीर मार दिया। तीर उसके पेट में फंसा रहा और पिछले तीन दिनों से श्वान गहरे घाव और असहनीय दर्द में तड़प रहा था।

सूचना मिलते ही एनीमल प्रोटेक्शन सोसायटी, उदयपुर की टीम करीब 75 किलोमीटर दूर मौके पर पहुंची और घायल श्वान का रेस्क्यू कर उसे आगे के उपचार के लिए उदयपुर लाया गया।

एनीमल प्रोटेक्शन सोसायटी, उदयपुर की अध्यक्ष डॉ. माला मट्ठा ने कहा, “बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह की क्रूरता बेहद चिंताजनक है। पशु क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कानून की जरूरत है। आखिर कब तक बेजुबान बिना किसी वजह के ऐसी सजा और दर्द सहते रहेंगे?”

संस्था ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।