उदयपुर | हिरनमगरी सेक्टर 4, न्यू विद्या नगर स्थित कृष्णांगन अपार्टमेंट के सीनियर सिटीजन क्लब द्वारा मंगलवार को थूर गाँव के पास स्थित स्टर्लिंग रिसॉर्ट में मासिक स्नेह मिलन कार्यक्रम बड़े उत्साह और आनंद के साथ आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की फिटनेस, मानसिक सजगता और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था।
मीडिया समन्वयक प्रोफ़ेसर विमल शर्मा ने क्लब के पदाधिकारियों के सूत्रों से बताया कि यह एक प्रतिदिन चलने वाला वरिष्ठ नागरिकों का क्लब है जिसमें कैरम, शतरंज, ताश, टेबल टेनिस आदि इनडोर गैम्स खेले जाते हैं।
जिनकी वार्षिक प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाता है। क्लब नियमित रूप विभिन्न मनोरंजक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियाँ भी आयोजित करता रहता है।
इसी कड़ी में प्रकृति की गोद में बसे स्टर्लिंग रिसॉर्ट में एक दिवसीय शिविर एवं स्नेह मिलन समारोह रखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत तम्बोला और हल्के-फुल्के नृत्य से हुई। इसके बाद विभिन्न प्रकार के मानसिक और शारीरिक व्यायाम, गेम्स तथा ब्रेन गेम्स कराए गए, जिनमें सभी बुजुर्गों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। शांत वातावरण में उपस्थित सदस्यों ने पुरानी यादें साझा कीं, गीत गाए और स्वास्थ्य संबंधी अनुभवों पर चर्चा की।
क्लब के सदस्यों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से न केवल अकेलेपन में कमी आती है, बल्कि जीवन में उत्साह और शारीरिक ऊर्जा भी बढ़ती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई।