उदयपुर। उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार, 9 अगस्त को यूसीसीआई में “टैक्सेशन एंड बिजनेस ऑपरेशंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग” विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दीपक एरन ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य वक्ता एवं फैकल्टी के रूप में जयपुर के एआई विशेषज्ञ सीए रोहित प्रधान भाग लेंगे।
कार्यशाला के दौरान सीए प्रधान कर सलाहकारों, अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को विभिन्न कर कानूनों से संबंधित लीगल ड्राफ्टिंग, नोटिस के जवाब तैयार करने, डेटा विश्लेषण और ऑडिटिंग में एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही वे यह भी बताएंगे कि अलग-अलग परिस्थितियों में किस प्रकार के एआई टूल्स का उपयोग अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
एसोसिएशन के सचिव हातिम कंकरोलीवाला ने कहा कि टैक्स विभागों द्वारा आधुनिक तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग लगातार बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में टैक्स प्रोफेशनल्स के लिए भी एआई को अपनाना और उसका व्यावहारिक उपयोग सीखना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है।