उदयपुर। जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा द्वारा संचालित ज्ञानशाला के तत्वावधान में ज्ञानशाला दिवस का आयोजन रविवार, 6 सितंबर को महाप्रज्ञ विहार में मुनि संजय कुमार के सान्निध्य में उत्साहपूर्वक किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा मनमोहक ज्ञानशाला गीत की एक्शन सॉन्ग प्रस्तुति से हुआ।
ज्ञानशाला संयोजिका सीमा बाबेल ने सभी अतिथियों एवं ज्ञानशाला परिवार का स्वागत एवं अभिनंदन किया।सभा अध्यक्ष राजकुमार कच्छारा, मेवाड़ आंचल के सह-संयोजक भूपेश खमेसरा तथा तत्त्व प्रचेता उपासिका संगीता पोरवाल ने प्रेरणादायी वक्तव्यों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।मुनि प्रकाश कुमार ने नमस्कार महामंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को इसे अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।बच्चों द्वारा छह काय जीवों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसके माध्यम से जीव मात्र के प्रति करुणा, अहिंसा एवं सुरक्षा का संदेश दिया गया और सभी को इसके पालन का संकल्प कराया गया।
बच्चों ने योगासन के साथ गीत की सुंदर प्रस्तुति दी। वहीं 5 से 7 वर्ष की आयु के नन्हे बच्चों ने 24 तीर्थंकरों की स्तुति एवं लोगस्स पाठ की प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया।कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षिकाओं द्वारा ज्ञानशाला गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
मुख्य प्रशिक्षिका डिंपल सिंघवी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कविता बड़ाला ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में तेरापंथ सभा मंत्री राकेश नाहर का बहुत सहयोग रहा।ज्ञानशाला दिवस का यह आयोजन बच्चों में धार्मिक संस्कार, अहिंसा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के विकास का प्रेरणादायी प्रयास रहा।