उदयपुर। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण में बुधवार को उदयपुर जिले की नगरपालिका वल्लभनगर, भीण्डर और फतहनगर-सनवाड़ में मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

तीनों नगरपालिकाओं के कुल 70 वार्डों के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की रेलमपेल शुरू हो गई और दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार इजाफा होता गया।

शाम 6 बजे तक तीनों नगरपालिकाओं में औसतन 84 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

वहीं सर्वाधिक मतदान फतहनगर में 88.91 प्रतिशत दर्ज किया गया।वल्लभनगर में पहली बार मतदान को लेकर विशेष उत्साहनवगठित वल्लभनगर नगरपालिका के लिए पहली बार मतदान होने के कारण यहां मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

नगरवासियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं भीण्डर और फतहनगर-सनवाड़ में भी मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह रहा।

मतदान केंद्रों पर युवा मतदाताओं के साथ बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य आयु वर्ग के मतदाता भी बड़ी संख्या में पहुंचे।मॉक पोल के बाद सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदानसभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया सुबह ठीक 7 बजे शुरू हुई।

इससे पहले मतदान दलों ने राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की। निर्धारित समय पर मतदान शुरू होने के बाद मतदाताओं की बूथों पर आवाजाही प्रारंभ हो गई।

मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया गया।सुबह से ही बढ़ता गया मतदान का उत्साहसुबह 10 बजे तक वल्लभनगर में 35.96 प्रतिशत, भीण्डर में 29.83 प्रतिशत तथा फतहनगर-सनवाड़ में 30.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसके बाद दोपहर तक मतदान की गति और तेज हुई। दोपहर 1 बजे तक वल्लभनगर में 63.22 प्रतिशत, भीण्डर में 56.63 प्रतिशत तथा फतहनगर-सनवाड़ में 58.47 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

अपराह्न 3 बजे तक तीनों ही नगरपालिकाओं में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई। वल्लभनगर में 73.82 प्रतिशत, भीण्डर में 69.54 प्रतिशत तथा फतहनगर-सनवाड़ में 74.54 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसी प्रकार शाम 6 बजे तक वल्लभनगर में 82.74, भीण्डर में 81.92 तथा फतहनगर-सनवाड़ में 88.91 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाता भी नहीं रहे पीछेमतदान केंद्रों पर सभी आयु वर्ग के मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।

बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में एनएसएस एवं स्काउट के स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।

स्वयंसेवकों ने उन्हें मतदान केंद्र के अंदर तक पहुंचाने में मदद की, जिससे उन्हें मतदान प्रक्रिया में भाग लेने में सुविधा मिली।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कियानिरीक्षणजिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए मतदान की स्थिति, व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों से मतदान प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।