उदयपुर | पंचायत समिति भीण्डर की पंचायत टूस डांगियान के गाँव मंदेसर में विज्ञान समिति द्वारा 40 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। समिति की प्रचेता श्रीमती हंसा सेन ने इस प्रशिक्षण के लिए एक समूह का गठन किया है, जिसमें अधिकतर भील महिलाएं शामिल हैं। इनमें कुछ महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं तो कुछ अनपढ़, परंतु सभी प्रशिक्षण सीखने को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।
प्रतिदिन दोपहर 2 से 4 बजे के बीच श्रीमती कमला सुथार इन महिलाओं को प्रशिक्षण देंगी। इस प्रशिक्षण में कुल 20 महिलाएं भाग लेंगी।
मीडिया प्रभारी प्रो विमल शर्मा ने बताया कि विज्ञान समिति की ओर से 10 सिलाई मशीनें श्रीमती हंसा जी की देखरेख में प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम प्रारंभ आयोजन में संबोधित करते हुए कुलप्रमुख डॉ. के.एल. कोठारी ने विज्ञान समिति के कार्यों के साथ-साथ 'जीवन पच्चीसी' के हर बिंदु के महत्व को समझाया और महिलाओं को सिलाई सीखने के लिए प्रेरित किया।
समिति अध्यक्ष डॉ. के.एल. तोतावत ने प्रशिक्षिका श्रीमती कमला सुथार को निर्देशित किया कि वे सिलाई सिखाने से पहले मशीनों के रखरखाव के बारे में भी विस्तार से समझाएं।
संयोजिका श्रीमती मंजला शर्मा ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं का परिचय कराया और उन्हें नियमित रूप से समय पर आने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर निर्मला राव, पंकज शर्मा, कैलाश वैष्णव तथा रानी सिंह उपस्थित रहे।