श्रीगंगानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) द्वारा बुधवार को अग्रवाल गर्ल्स कॉलेज श्रीगंगानगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

एडीजे श्री सुथार ने शिविर में उपस्थित छात्राओं को भारत के संविधान में वर्णित बालिकाओं के अधिकारों, बाल विवाह प्रतिरोध कानून एवं कन्या भ्रूण हत्या संबंधी कानून से अवगत कराया तथा राष्ट्रीय अभियान बेट-बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत शिविर में उपस्थित बालिकाओं को श्रीगंगानगर में संचालित पालना गृहों की जानकारी दी।

नवजात बालक-बालिका को फेंके नहीं अपितु पालना गृहों में छोड़ने की सामाजिक अपील भी की।एडीजे श्री सुथार ने बताया कि बेटी बचाने के साथ-साथ बेटी को उच्च शिक्षा दिलवाना भी हमारा सामाजिक दायित्व है, जिसके फलस्वरूप ही हमारे देश की बेटियां उच्च पदों पर आसीन होकर सामाजिक कुप्रथाओं को खत्म कर सकती हैं।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीगंगानगर के चीफ अधिवक्ता श्री रोहताश यादव द्वारा बालिकाओं के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।

बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वास्थ्य की ओर पूरा ध्यान देने पर जोर दिया तथा बालिकाओं के अभिभावकजन के उत्तरदायित्वों के बारे में बताया।

इस अवसर पर एलएडीसी से अधिवक्ता श्री अमनदीप चलाना द्वारा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की कार्यप्रणाली से अवगत करवाते हुए नालसा हेल्पलाईन नं. 15100 के बारे में जानकारी दी गई।

इस दौरान कॉलेज के निदेशक श्याम सुंदर गीदड़ा व प्रिसींपल सरिता उपस्थित रहे।