श्रीगंगानगर। जिले में 60 वाँ अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मटका चौक श्रीगंगानगर में उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडवोकेट श्रीमती सुप्रिमा चितलांगिया रही।
कार्यक्रम में सीडीईओ श्री अरविंदर सिंह, जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी श्री हरविंद्र सिंह, प्राचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मटका चौक श्री परमवीर सिंह उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया।
इस अवसर पर साक्षरता अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वेयर, साक्षरता प्रभारी, लर्नर्स एवं नवसाक्षरों ब्लॉक कॉर्डिनेटर को प्रोत्साहित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं जीवन के उच्च लक्ष्यों को समझने और उन्हें प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है।
शिक्षा व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास, स्वावलंबन एवं बेहतर अवसरों के द्वार खोलती है।
शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का विकास कर उच्च लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है तथा विभिन्न उच्च पदों पर पहुँचने के अवसर प्राप्त कर सकता है।जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी श्री हरविंद्र सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
साक्षरता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सर्वेयर, प्रेरक, स्वयंसेवी एवं लर्नर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि कोई भी व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।