उदयपुर। सेवा भारती, उदयपुर द्वारा संचालित प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र में आमजन के स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से 2 से 6 सितंबर 2026 तक “समग्र आरोग्य शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उपचार एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन के साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता प्रदान की जाएगी।

शिविर के पोस्टर का विमोचन 23 अगस्त 2026 को प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र, हरिदास जी की मगरी, सुभाष चौराहा, उदयपुर में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक माननीय हेमेंद्र श्रीमाली , सेवा भारती प्रांत अध्यक्ष विवेक बोहरा, प्रांत संरक्षक धारेन्द्र सालगिया, नाहर सिंह , विवेक शर्मा सहित सेवा भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिविर में निःशुल्क उपचार उपलब्ध रहेगा। शिविर में भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तथा पंजीयन का समय प्रातः 9:30 बजे से 12:00 बजे तक रहेगा।

इन स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उपचार एवं मार्गदर्शन डॉ. आशुतोष चौधरी एवं वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में कमर एवं पीठ दर्द, गर्दन एवं सर्वाइकल क्षेत्र का दर्द, कंधे का दर्द एवं Frozen Shoulder, घुटने एवं जोड़ों का दर्द, साइटिका एवं नसों से संबंधित दर्द, मांसपेशियों में दर्द एवं जकड़न, स्पॉन्डिलाइटिस तथा चलने-फिरने में होने वाले दर्द एवं अकड़न जैसी समस्याओं के लिए विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का मूल्यांकन कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार योग, आहार, डायबिटीज एवं मोटापा संबंधी परामर्श भी उपलब्ध रहेगा।

6 सितंबर को विशेष अग्निकर्म चिकित्सा शिविर के अंतिम दिन 6 सितंबर, रविवार को विशेष अग्निकर्म चिकित्सा आयोजित की जाएगी। यह सुविधा चिकित्सकीय मूल्यांकन एवं उपयुक्तता के आधार पर उपलब्ध होगी।

आरोग्य सेवा लाभ-पत्र पांच दिवसीय उपचार प्रक्रिया पूर्ण करने वाले मरीजों के लिए “आरोग्य सेवा लाभ-पत्र” की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से आगामी सात दिनों में चयनित उपचार सेवाओं पर विशेष लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।

चिकित्सा प्रभारी प्रकाश सोनी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को समय पर स्वास्थ्य मार्गदर्शन एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज न करने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने शिविर की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

Source: other