उदयपुर। महर्षि दधीचि सेवा संस्थान, दाधीच समाज की महिला सदस्यों द्वारा रविवार को लहरिया उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।सांस्कृतिक मंत्री नीतू आचार्य ने बताया कि सभी सखियां रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में सज-धजकर तथा हाथों में हरी-हरी चूड़ियां पहनकर कार्यक्रम में पहुंचीं।

महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी गीतों एवं भजनों पर जमकर नृत्य किया तथा सामूहिक रूप से भजन-गीत गाए। इसके साथ ही सभी महिलाओं ने मिलकर झूला झूला और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।महिलाओं के जोश और उत्साह से पूरा वातावरण आनंदमय हो गया।

ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा समाज एक परिवार की तरह मिलकर खुशी और उमंग में झूम रहा हो।

हंसी-खुशी और आपसी स्नेह के साथ पूरा दिन उत्सवमय वातावरण में बीता।कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. नीतू व्यास, उर्मिला शर्मा, मंजू आचार्य, श्वेता व्यास, श्वेता मिश्रा, प्रीति व्यास, हेमलता आचार्य, वंदना जोशी, शिप्रा मिश्रा, प्रीति मिश्रा सहित महिला कार्यकारिणी की सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।