उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

रावत की नियुक्ति को राजस्थान सहित देशभर में आदिवासी समाज के बीच भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।डॉ. रावत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आदिवासी समाज के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों और योजनाओं को देशभर के जनजातीय समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

साथ ही, आदिवासी क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा समाज के लोगों को पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

डॉ. रावत की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति से राजस्थान में भी आदिवासी समाज के बीच भाजपा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विशेष रूप से मेवाड़ और दक्षिणी राजस्थान में आदिवासी समाज के बीच उनकी सक्रियता को देखते हुए उनकी नई जिम्मेदारी को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।उदयपुर सांसद को राष्ट्रीय स्तर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चे की कमान मिलने से राजस्थान को भी भाजपा के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।

अब डॉ. रावत देशभर में जनजातीय समाज के बीच भाजपा के संगठन और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Source: Prakesh Sharma