उदयपुर। मेवाड़ क्षत्रिय मित्र कल्याण समिति, उदयपुर की ओर से हरतालिका तीज के पावन अवसर पर राजपूत समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए लहरिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समिति के संरक्षक रणजीत सिंह सोनगरा एवं तेज सिंह भाटी ने माताजी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।

लहरिया उत्सव में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक घूमर नृत्य, राजस्थानी गीतों पर नृत्य, राष्ट्रभक्ति एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ कुर्सी दौड़, स्पून रेस, बलून-चूड़ी रेस सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष पर्वत सिंह चुंडावत ने समाज की ओर से आगामी *करवा चौथ एवं ग्यारस उद्यापन के सामूहिक आयोजन की घोषणा करते हुए इसकी तैयारियों एवं आयोजन को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

लहरिया क्वीन प्रतियोगिता में *प्रीतिका कंवर राठौड़ विजेता एवं उपविजेता शीतल कंवर राजावत रहीं। चेयर रेस में मंजू कंवर राठौड़, स्पून रेस में पुनीता कंवर तथा बलून-चूड़ी रेस में प्रीतिका कंवर विजेता रहीं।

कार्यक्रम का संयोजन नीमा कंवर राजावत, राजकुमारी चुंडावत, हेमलता सोनीगरा एवं टीना भाटी ने किया और मंच संचालन प्रीतिका कंवर राठौड़ ने किया।

यह उत्सव समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ आपसी सौहार्द एवं सहभागिता के लिए आयोजित किया गया।