उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के बीसीआई युवा की ओर से आयोजित किए जा रहे बीसीआई युवा इन्वेस्टर कनेक्ट के तहत रविवार को स्टार्टअप इन्वेस्टर पिचिंग वर्कशॉप का आयोजन अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट में किया गया।
वर्कशॉप में स्टार्टअप फाउंडर्स, युवा उद्यमियों और बिजनेस आइडिया पर काम कर रहे बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस दौरान प्रतिभागियों को निवेशकों के सामने अपने बिजनेस को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने और इन्वेस्टमेंट के लिए तैयार होने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल एक बेहतर बिजनेस आइडिया होना पर्याप्त नहीं है। स्टार्टअप को निवेशकों के सामने अपनी ग्रोथ क्षमता, बिजनेस मॉडल, फाइनेंशियल प्लानिंग और भविष्य की रणनीति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना आना चाहिए। इसी उद्देश्य से बीसीआई युवा की ओर से इस वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
बीसीआई युवा की प्रेसिडेंट मीनाक्षी पालीवाल ने बताया कि वर्कशॉप में प्रतिभागियों को वेंचर रेडीनेस, इन्वेस्टमेंट आर्किटेक्चर, ट्रैक्शन, ग्रोथ, डिजिटल प्रेजेंस, लीगल एवं रेग्युलेटरी कम्प्लायंस तथा इन्वेस्टर पिचिंग जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही पिच डिलीवरी, स्टोरीटेलिंग, फाउंडर कम्युनिकेशन और निवेशकों के सवालों को प्रभावी ढंग से हैंडल करने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
वर्कशॉप में स्टार्टअप कंसल्टेंट एवं मेंटर दीपक के. सोनी, परफॉर्मेंस मार्केटिंग एक्सपर्ट रोचक भावसार, लीगल रेग्युलेटरी एवं कम्प्लायंस एक्सपर्ट जनमेजय मेहता तथा कॉरपोरेट ट्रेनर एवं सॉफ्ट स्किल्स कोच प्रतिमा एस. रतानी ने विशेषज्ञ के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
प्रेसीडेंट मीनाक्षी पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में इनफ्लश के संस्थापक संकल्प नाथ का आना हमारे लिए बेहद गौरव की बात रही। उन्होंने सभी स्टार्टअप्स के साथ अपनी फंडरेज़िंग जर्नी और अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह उन्होंने अपनी कंपनी के लिए ₹25 करोड़ की वैल्यूएशन पर फंडिंग जुटाई।
उन्होंने स्टार्टअप्स को फंडिंग, वैल्यूएशन, निवेशकों से बातचीत और कंपनी को स्केल करने से जुड़े कई व्यावहारिक और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनका अनुभव हमारे सभी स्टार्टअप्स के लिए सीखने और आगे बढ़ने की एक शानदार प्रेरणा रहा।
चार प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से हुई वर्कशॉप वर्कशॉप के पहले मॉड्यूल में वेंचर रेडीनेस एवं इन्वेस्टमेंट आर्किटेक्चर के तहत पिच डेक, बिजनेस मेट्रिक्स, यूनिट इकॉनॉमिक्स, फाइनेंशियल प्रोजेक्शंस, गो-टू-मार्केट स्ट्रेटजी, इन्वेस्टमेंट आस्क, फंड यूटिलाइजेशन और एग्जिट स्ट्रेटजी पर चर्चा हुई।
दूसरे मॉड्यूल में ट्रैक्शन, ग्रोथ एवं डिजिटल प्रेजेंस पर फोकस करते हुए परफॉर्मेंस मार्केटिंग, कस्टमर एक्विजिशन, ब्रांड क्रेडिबिलिटी और ग्रोथ स्ट्रेटजी से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई।
तीसरे मॉड्यूल में लीगल, रेग्युलेटरी एवं कम्प्लायंस रेडीनेस के अंतर्गत बिजनेस रजिस्ट्रेशन, लीगल डॉक्यूमेंटेशन, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी, कॉन्ट्रैक्ट्स और इन्वेस्टर ड्यू डिलिजेंस की तैयारी पर मार्गदर्शन दिया गया।
चौथे मॉड्यूल में इन्वेस्टर पिचिंग, स्टोरीटेलिंग एवं डील कम्युनिकेशन के तहत पिच डिलीवरी, इन्वेस्टर साइकोलॉजी, फाउंडर कम्युनिकेशन, क्यू एंड ए हैंडलिंग और डील रूम एटीकेट जैसे विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।
25 सितंबर को पिच डेक सेशन, 26 सितंबर को होगा फिनाले बीसीआई युवा इन्वेस्टर कनेक्ट की आगामी गतिविधियों के तहत 25 सितंबर को पिच डेक सेशन आयोजित किया जाएगा। यह सेशन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक थर्ड स्पेस, उदयपुर में होगा। इसमें चयनित स्टार्टअप्स को अपने पिच डेक और बिजनेस प्रपोजल को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद 26 सितंबर को इन्वेस्टर कनेक्ट का फिनाले आयोजित होगा। फिनाले सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जहां स्टार्टअप्स को निवेशकों के सामने अपने बिजनेस आइडिया और पिच प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर बीसीआई युवा टीम से अंकुश रांका, संतोष मेघवाल, हिम्मत प्रजापत और नयन जैन तथा बीसीआई उत्सव से राहुल कुमावत उपस्थित रहे। वर्कशॉप में कुल 80 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। इसमें जयपुर से भी कई स्टार्टअप्स शामिल हुए।