उदयपुर। कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित साउथ ईस्टर्न एशियन लेक्रोज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने वाले उदयपुर के जनजाति अंचल की खेल प्रतिभाओं का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धार एवं ग्रामवासियों की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर लौटे खिलाड़ियों के सम्मान में गांव में जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धार की छात्रा एवं भारतीय महिला लेक्रोज टीम की कप्तान डाली गमेती, भारतीय पुरुष टीम के गोलकीपर नारायण लाल गमेती सहित विद्यालय के पूर्व छात्र मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती एवं यशोदा गमेती तथा प्रशिक्षक नीरज बत्रा का माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया।

खिलाड़ियों के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।जिले की विद्यालयी खेल प्रतिभाओं की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक वीरेंद्र यादव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बड़गांव किरण कोटिया, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश व्यास, विनोद शर्मा एवं प्रधानाचार्य बडंगा आशा मोंगिया सहित विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।प्रधानाचार्य भावना गुर्जर ने कहा कि आदिवासी अंचल की ये प्रतिभाएं अपने खेल कौशल के दम पर देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं।

इन खिलाड़ियों की सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को देखकर गांव के अनेक युवा सकारात्मक सोच के साथ नशे और पलायन से दूर रहकर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य तलाशने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।कार्यक्रम में बेला सोलंकी, रश्मि जैन, रेखा जॉन, पार्वती पारगी, सुमित्रा सेवक, निकीता सेठ, पीनल पालीवाल सहित हमेरा गमेती, शांतिलाल गमेती, सोहनलाल, लक्ष्मण पालीवाल, भेरू सिंह राजपूत, वक्ताराम, मोती लाल, प्रकाश, पुष्कर गमेती, वसनी बाई सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।