उदयपुर। हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय संग्रहालय आहड़ में “हिन्दी भाषा की उत्पत्ति, विकास एवं उत्थान” विषय पर संक्षिप्त गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आयड़ के छात्र-छात्राओं ने विरासत एवं धरोहर विषय पर निबंध लेखन किया तथा हिन्दी कविताओं और कहानियों का वाचन किया। साथ ही विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सुंदर चित्र प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में संग्रहालय के संग्रहाध्यक्ष उमेश प्रसाद प्रजापत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए हिन्दी भाषा की उत्पत्ति एवं उत्थान पर विस्तार से विचार रखे और उपस्थित विद्यार्थियों एवं श्रोताओं को दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिन्दी के प्रयोग हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रजापत ने उपस्थित प्रतिभागियों को संग्रहालय में प्रदर्शित पुरा सामग्री के ऐतिहासिक महत्व और संरक्षण की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन व स्केच कलर प्रदान किए गए।