बालकों की सुरक्षा के लिए शपथ पत्र भरवाए
उदयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा राज्यव्यापी ऑपरेशन जागृति चरण-04 के तहत रेंज के सभी जिलों में पोक्सो अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रमों का आगाज बुधवार को हुआ। उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में उदयपुर रेंज पुलिस और यूनिसेफ राजस्थान के सहयोग से संचालित पुलिसिंग फॉर केयर ऑफ चिल्ड्रन कार्यक्रम अंतर्गत यह जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है जिसमे पुलिस विभाग के साथ-साथ बाल संरक्षण के लिए कार्य करने वाले विभागों-संस्थानों व समुदाय विशेष की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बालकों को यौन अपराध से बचाने व इसके लिए बनाए गए प्रावधानों की जानकारी देकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत प्रथम दिन सभी जिलों में संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशानुसार पॉक्सो जागरूकता विषय पर शपथ पत्र भरवाए गए, जिसमें जिले के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने आमजन के बीच पहुंचकर बच्चों को यौन अपराध से बचाने एवं उनकी सुरक्षा के लिए बनाए पोक्सो कानून की जानकारी दी और शपथ पत्र भरवाए। यूनिसेफ की बाल संरक्षण सलाहकार श्रीमती सिंधु बिनुजीत ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ होने वाले यौन दुराचार से उनको बचाने एवं आमजन को उनकी सुरक्षा के लिए बनाए पोक्सो कानून की जानकारी देकर जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह अंतर्गत 2 अक्टूबर को जनसंवाद, 3 को सामुदायिक बैठक, 4 को शैक्षणिक संस्थानों में वत्सल वार्ता, 5 को सुरक्षा सखियों के लिए संवाद कार्यक्रम, 6 को छात्र. छात्राओं के लिए संवाद व पोस्टर प्रतियोगिता, तथा 7 अक्टूबर को उदयपुर रेंज मुख्यालय पर रेंज स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि गुरुवार 2 अक्टूबर को राजसमंद और सलूंबर जिले में जागरूकता रैली निकाली जाएगी।