उदयपुर। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के उदयपुर संभाग अध्यक्ष राकेश चौधरी ने बताया कि फेडरेशन की कार्यकारिणी बैठक में आगामी 13 अक्टूबर को लोकसभा में देशभर के 270 ट्रैवल एजेंट्स के साथ आयोजित होने वाले रोड शो की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी ट्रैवल एजेंट्स की स्वीकृति फेडरेशन को प्राप्त हो चुकी है।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान एवं पर्यटन विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 2, 3 एवं 4 जनवरी को कोटा में “कोटा ट्रैवल मार्ट” का आयोजन किया जाएगा। इसी आयोजन की तैयारियों के तहत यह रोड शो आयोजित किया जा रहा है, जिसके मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।
इस रोड शो के पश्चात होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान देश के अन्य बड़े शहरों के साथ-साथ राजस्थान के प्रमुख शहरों में भी रोड शो आयोजित करेगा, ताकि कोटा ट्रैवल मार्ट को एक भव्य और सफल आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
उदयपुर संभाग के सचिव अम्बालाल साहू ने बताया कि फेडरेशन के संरक्षक सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का “कोटा ट्रैवल मार्ट” की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कोटा ट्रैवल मार्ट के आयोजन से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आगमन की संभावना है, जिससे हाड़ौती क्षेत्र सहित पूरे राजस्थान में पर्यटन को नई गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर फेडरेशन के संरक्षक सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप गोगिया, सह सचिव कृष्ण अवतार, कार्यकारिणी सदस्य सुभाष शर्मा, क्षितिज शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।