उदयपुर। राजस्थान शतरंज संघ के हाल ही में सम्पन्न चुनाव में उदयपुर की सोनल गर्ग को संघ का उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
बुधवार को बीकानेर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित संघ की आमसभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न हुई। दोपहर 2:30 बजे नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम वापसी की अवधि समाप्त होने पर अध्यक्ष पद पर बीकानेर के लक्ष्मण राघव, सचिव पद पर विनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर शैलेश गुप्ता तथा उपाध्यक्ष पद पर उदयपुर की सोनल गर्ग निर्विरोध चुनी गईं।
इस अवसर पर ऑल इंडिया चेस एसोसिएशन के पर्यवेक्षक अंकुश भी उपस्थित रहे।
सोनल गर्ग के उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर उदयपुर जिला शतरंज संघ ने हर्ष व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि सोनल गर्ग राजस्थान शतरंज संघ के वर्तमान कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने वाली प्रदेश की एकमात्र महिला हैं।