उदयपुर। महर्षि दधीचि सेवा संस्थान उदयपुर द्वारा होली पर्व के अवसर पर होली स्नेह मिलन एवं स्नेह भोज कार्यक्रम का आयोजन रविवार को संस्थान भवन, हिरण नगरी सेक्टर-4 में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में दाधीच समाज के अनेक सदस्यों ने भाग लेकर आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं तथा समाज की एकता और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सुधीर जोशी ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत करते हुए समाज के विकास और सामाजिक गतिविधियों में सभी के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से राधा-कृष्ण स्वरूप में प्रस्तुत मनमोहक नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। राधा-कृष्ण की जोड़ी द्वारा प्रस्तुत अद्भुत नृत्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और समाजजनों ने भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. दीपक व्यास (उपाध्यक्ष), कैलाश चन्द्र शर्मा, संदीप दाधीच (सचिव), केदार नाथ दाधीच (कोषाध्यक्ष), श्रीमती नीतू आचार्य (सांस्कृतिक सचिव), मनोहर शंकर दाधीच, कैलाश चन्द्र दाधीच, सीताराम शर्मा, गजेन्द्र मिश्रा, जगदीश आचार्य, निर्मल व्यास, डॉ. नलिनी भट्ट (कार्यकारिणी सदस्य), डॉ. नीतू व्यास (अध्यक्ष-महिला प्रकोष्ठ) तथा पंकज ओझा (अध्यक्ष-युवा प्रकोष्ठ) सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।