उदयपुर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा राजस्थान की लगभग 172 शाखाओं तथा जयपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर क्षेत्रों के संचालन एवं बेहतर समन्वय को ध्यान में रखते हुए उदयपुर में नए क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कल्याण कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह में दिल्ली अंचल के अंचल प्रमुख श्री शीशराम तुंदवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त श्री मेहेर कुमार पाणिग्रही (अंचल प्रमुख, जयपुर), श्री विभूति भूषण झा (क्षेत्रीय प्रमुख, जोधपुर) तथा श्री नितिन शर्मा (क्षेत्रीय प्रमुख, उदयपुर) सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त स्टाफ सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री कल्याण कुमार ने कहा कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा भौगोलिक राज्य है। उदयपुर में क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा ग्राहकों को बेहतर एवं त्वरित बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने में सहायता मिलेगी। इससे राज्य के विकास तथा विकसित भारत के निर्माण को भी बल मिलेगा। उन्होंने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने और बैंकिंग के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

दिल्ली अंचल के अंचल प्रमुख श्री शीशराम तुंदवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नया क्षेत्रीय कार्यालय बैंक की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगा तथा राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जयपुर अंचल के अंचल प्रमुख श्री मेहेर कुमार पाणिग्रही ने प्रबंध निदेशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास दिलाया।

उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख श्री नितिन शर्मा ने बेहतर ग्राहक सेवा के माध्यम से व्यवसाय को बढ़ाने तथा बैंक को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास व्यक्त किया।

समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने उदयपुर में नए क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों का विश्वास बनाए रखेगा।

कार्यक्रम का समापन मुख्य प्रबंधक, उदयपुर श्री मुकेश यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।