उदयपुर। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उदयपुर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत आरएनटी मेडिकल कॉलेज परिसर में 120 करोड़ रुपये की लागत से मातृ विज्ञान संस्थान की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने निर्माण कार्य के निष्पादन के लिए एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त बाबूलाल गोयल ने इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक को निर्देशित किया गया है कि कार्यकारी एजेंसी को शीघ्र लेटर ऑफ इंटेंट जारी कर निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ करवाई जाए। साथ ही एजेंसी एवं मेडिकल कॉलेज के मध्य एमओए संपादित करने सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशानुसार परियोजना की डीपीआर सार्वजनिक निर्माण विभाग की बीएसआर दरों के आधार पर तैयार की जाएगी तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं थर्ड पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था रहेगी। परियोजना के दौरान सभी तकनीकी विनिर्देशों को पूर्व में ही अंतिम रूप देने, आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने तथा भवन निर्माण को सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की बजट घोषणा जनाना अस्पताल निर्माण को लेकर गत दिनों 60 करोड़ रूपए डीएमएफटी मद से तथा 60 करोड़ रूपए की बजट स्वीकृति युडीए से जारी हुई थी। मातृ विज्ञान संस्थान की स्थापना से उदयपुर संभाग सहित दक्षिणी राजस्थान की महिलाओं को आधुनिक एवं विशेषज्ञ मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। आरएनटी प्रधानाचार्य डाॅ राहुल जैन ने बताया कि मातृ विज्ञान संस्थान का भूमि पूजन माननीय मुख्यमंत्री महोदय के हाथों से कराने के लिए विधायक श्री ताराचंद जैन के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।