उदयपुर। जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार अपराह्न कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में एडीएम श्री राठौड़ ने जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में अपने-अपने विभाग की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करें। उन्होंने प्री कैम्प एक्टिविटी पर फोकस करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस पंचायत या वार्ड में शिविर प्रस्तावित हो, उससे एक दिन पहले वहां प्री कैम्प एक्टिविटी होनी चाहिए। इसमें लोगों को शिविर की जानकारी देते हुए योजनाओं आदि कार्यों के लिए आवेदन तैयार कराएं जाएं, ताकि लोगों को शिविर में अपेक्षित लाभ मिल सके।
उन्होंने शिविर कार्यक्रम के अनुसार विभागीय अधिकारियों का ड्यूटी चार्ट तैयार कर कलक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए पाबंद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में अपेक्षित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। एडीएम ने अवगत कराया कि जिला कलक्टर की ओर से सभी जिला अधिकारियों को तहसील तथा नगरीय निकाय आवंटित किए जा रहे हैं, संबंधित अधिकारी को आवंटित क्षेत्र में सप्ताह में कम से कम दो शिविरों में पहुंच कर चैकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निस्तारण, मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रकोष्ठ, आयोगों के लंबित प्रकरण, विभागीय समन्वय से जुड़े प्रकरणों आदि की भी बिन्दुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, सीईओ जिला परिषद विरमाराम, प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन सहित सभी विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।