उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले भर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों को आमजन का व्यापक समर्थन मिल रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, वहीं पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन के निर्देशन में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में संचालित सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। सोमवार को ग्राम पंचायत बुझड़ा, परमदा, लोयरा, भीमल, बांसलिया, करणपुर, अमरपुरा खालसा, चाटियाखेड़ी, विसमा, गोराणा, ढढावली, देवड़ावास, आमीवाड़ा, सुवेरी, डेरी, जलपका, ढेढमारिया निचली, सुबरी तथा सुलाव में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुए। वहीं नगर निगम में वार्ड संख्या 4, 5, 6 एवं 75 के लिए शिविर हुआ। इसी प्रकार उदयपुर विकास प्राधिकरण तथा जिले की सभी नगरपालिकाओं में भी शहरी सेवा शिविर आयोजित हुए। शिविरों में राजस्व, स्वायत्त शासन, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, पशुपालन, विद्युत, जलदाय, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न 22 विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शिविरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पट्टा वितरण, कृषि एवं पशुपालन योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगजन सहायता, पेयजल एवं विद्युत संबंधी शिकायतों के निस्तारण सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं। कई मामलों में अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है।
आज यहां होंगे शिविर
अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत अलसीगढ़, बिछड़ी, घोडानकलां, चंगेड़ी, वडगांव, गोटिपा, सवना, मोरवल, सिंघाड़ा, ब्राह्मणों का खेड़ा, अडोल, आमोड, बिछिवाड़ा, खनमीन, नगर, कोजावाड़ा, गांधी सरणा, जुड़ा एवं बिलवण में ग्रामीण सेवा शिविर होंगे। वहीं नगर निगम उदयपुर में वार्ड संख्या 7, 8, 13 एवं 14 के लिए शिविर होगा। उदयपुर विकास प्राधिकरण में 16 से 18 जून तक फरनियों का गुड़ा, हाथीधरा, लोयरा, थूर, बलिचा, दईमाता, गारियावास, जोगी तालाब, आयड़, पारड़ा, पुला, शोभागपुरा, बेडवास, भोईयों की पंचैली डांगियों की पंचैली व झरनों की सराय क्षेत्रों के लिए शिविर होगा। इसके अलावा सभी नगरपालिकाओं में भी चिन्हित वार्डों के लिए शिविर आयोजित होंगे।
सफलता की कहानियां
270 किसानों को मिले मक्का बीज मिनीकिट
उदयपुर। पंचायत समिति फलासिया अंतर्गत ग्राम पंचायत आमीवाड़ा में सोमवार को विकास अधिकारी प्रतापसिंह मीणा के निर्देशन में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। कृषि विभाग ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2026-27 के तहत जनजाति क्षेत्र के 270 किसानों को संकर मक्का बीज मिनीकिट वितरित किए। वहीं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत दो लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर लाभार्थियों को प्रथम किस्त स्वीकृत की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 2 पेंशन आवेदनों का निस्तारण किया। रसद विभाग ने 10 ई-केवाईसी की। राजस्थान परिवहन निगम को 13 आवेदन मिले तथा विद्युत विभाग ने 5 मामलों का निस्तारण किया। राजस्व विभाग ने नामांतरण, विरासत, सीमाज्ञानकारी एवं अन्य मामलों सहित कुल 10 प्रकरणों का निपटारा किया। चिकित्सा विभाग ने एएनएल पंजीयन, टीकाकरण, एचआईवी जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान कीं। पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 50 बीमा पॉलिसियों का वितरण किया तथा 12 नए पंजीयन किए। विभाग द्वारा 59 बड़े और 102 छोटे पशुओं का उपचार भी किया गया। पंचायत विभाग ने बंद पड़े एक पीपीओ नंबर को पुनः चालू कराया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल गुणवत्ता जांच, मरम्मत कार्य और शिकायतों का निस्तारण किया। ग्रामीण विकास विभाग ने तीन आवास किस्तें जारी कराईं, तीन शौचालय स्वीकृत किए तथा पांच जनाधार कार्ड अपडेट किए। शिविर में समाजसेवी भैरूलाल प्रजापत, मुकेश माली, भोपाल सिंह शक्तावत, जिला परिषद सदस्य धूलाराम भगोरा, सरपंच लक्ष्मी देवी, उपसरपंच दीप सिंह झाला, समाजसेवी नानालाल पारगी, गोपाल लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वर्षों पुरानी राजस्व अभिलेख त्रुटि का समाधान
उदयपुर। तहसील ऋषभदेव अंतर्गत ग्राम पंचायत जलपका में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान एक महत्वपूर्ण राजस्व समस्या का त्वरित समाधान किया गया। करमचंद पुत्र दीता ने शिविर में उपस्थित होकर बताया कि उनकी कृषि भूमि की जमाबंदी के खाता संख्या 12 में उनका नाम गलत रूप से कर्मा पुत्र दीता दर्ज है, जबकि उनका सही नाम करमचंद पुत्र दीता है। नाम की इस त्रुटि के कारण उन्हें विभिन्न राजस्व कार्यों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में उपस्थित राजस्व अधिकारियों द्वारा प्रकरण का परीक्षण किया गया तथा उपलब्ध अभिलेखों का सत्यापन किया गया। जांच उपरांत नाम संबंधी त्रुटि को सही पाते हुए जमाबंदी अभिलेख में कर्मा पुत्र दीता के स्थान पर करमचंद पुत्र दीता नाम शुद्ध किया गया। इस त्वरित कार्यवाही से वर्षों से लंबित समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया। सही नाम दर्ज होने से अब करमचंद को भूमि संबंधी कार्यों, बैंकिंग सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
किसानों को पशु बीमा पॉलिसी वितरित
उदयपुर। बडगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत लोयरा में शिविर हुआ। उपखंड अधिकारी मनसुखराम डामोर, तहसीलदार हितेष त्रिवेदी, नायब तहसीलदार रमेश राजपुरोहित, प्रशासक प्रियंका सुथार की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। पशुपालन विभाग के ब्लॉक पशुपालन अधिकारी डाॅ दत्तात्रेय चैधरी ने बताया कि शिविर में पशुपालन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की 10 पॉलिसी का वितरण किया गया। साथ ही 25 पशुपालकों को फर्टिलिटी किट वितरित किए।
30 वर्षों की मशक्कत के बाद मिला हाथो-हाथ पट्टा
उदयपुर। उपखण्ड़ क्षेत्र मावली की ग्राम पंचायत बांसलिया एवं भीमल में शिविर हुए। शिविर के दौरान प्रार्थीगण प्रकाश डांगी पिता कुका डांगी, मुकेश दास पिता प्रेमदास, गोटूलाल पिता उदा डांगी, दीपलाल डांगी पिता उदा डांगी, चतरलाल पिता कालूडांगी, रतनलाल पिता धुला डांगी, सुरेशचन्द्र पिता उदा डांगी, अर्जुन रेबारी पिता भग्गा रेबारी, बाबुलाल पिता दोला डांगी एवं प्रेमलाल गाडरी पिता केला गाडरी निवासी होली ग्राम पंचायत बांसलिया ने बताया कि वे सभी विगत कई वर्षों से होली ग्राम की ग्राम पंचायत की आबादी भूमि पर मकान बनाकर निवासत है एवं पिछले 30 वर्षों से उक्त आवासों के पट्टे बनवाने हेतु उधर-इधर चक्कर काट रहे थे, लेकिन पट्टा नहीं मिल पा रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आयोजित कैम्प में उक्त सभी ग्रामवासियों को पंचायतीराज विभाग द्वारा शिविर में हाथों-हाथ पट्टे बनवाकर पट्टों का वितरण किया। शिविर के दौरान उपखण्ड़ अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया, तहसीलदार मावली दिनेश कुमार यादव, विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी.खींची एवं अन्य समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण शिविर पर उपस्थित रहकर सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में आम लोगों को जानकारी प्रदान की।