उदयपुर। युवा मामले और खेल मंत्रालय तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के नेतृत्व में माय भारत के माध्यम से नई दिल्ली में सोमवार को विकसित भारत युवा संसद का आगाज हुआ। 17 जून तक यह कार्यक्रम तीन चरणों में आगे बढ़ेगा। जिला युवा अधिकारी समीर खान ने बताया कि युवा संसद में देश के हर कोने से चुनिंदा प्रतिभागियों को विकसित भारत को लेकर अपना विजन रखने का मौका मिलेगा। जिला स्तर से लेकर सभी राज्यों की विधानसभाओं और प्रमुख सरकारी स्थानों पर आयोजित विभिन्न राउंड्स में इन युवाओं का चयन किया गया। सोमवार से इस प्रतियोगिता का नेशनल लेवल कंपटीशन प्रारंभ हुआ। इसमें हर टीम का एक प्रतिनिधि नारी शक्ति वंदन और विकसित भारत विषय पर सभा को संबोधित करेगा। वहीं, प्रश्नकाल, मास्टर क्लास, पीएम संग्रहालय का दौरा, नई संसद का भ्रमण जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। विकसित भारत युवा संसद का उद्घाटन मंगलवार को नई दिल्ली में संसद के सेंट्रल हॉल में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला करेंगे। भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। 17 जून को विकसित भारत युवा संसद-2026 पुरस्कार दिए जाएंगे।