उदयपुर | सिखों के पंचम गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर धन-धन बाबा दीप सिंह जी सेवा समिति, उदयपुर द्वारा श्रद्धापूर्वक छबील (शीतल–मीठे जल सेवा) का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष बलकरण सिंह ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज ने मानवता, सत्य, सहिष्णुता और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी पावन स्मृति में यह सेवा कार्यक्रम गुरु साहिब के सेवा, सिमरन और त्याग के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है।
यह आयोजन अतरंगी कैफे, लेकसिटी मॉल रोड, सुभाष नगर, उदयपुर में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिकों ने भाग लेकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान गुरु वाणी का स्मरण करते हुए मानवता की सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया गया। 
मिडिया समन्वयक प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली इस अनवरत सेवा में हर राहगीर को  विनय पूर्वक छबील की सेवा की गई। समिति के बलकरण सिंह,  जसकरण सिंह, डॉ श्रद्धा गट्टानी सहित अनमोल सिंह, रक्षित, विनय सिंह, परविंदर, महिपाल, किशन ने उत्साह पूर्वक सेवा दी । 
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी की शहादत हमें सत्य के मार्ग पर चलने, परोपकार करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देने की प्रेरणा देती है। “सेवा ही सिमरन है” के संदेश के साथ आयोजित इस छबील सेवा में सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया।