उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” के अंतर्गत जैन सोशल ग्रुप ‘मेन’ उदयपुर एवं सुखाड़िया मेमोरियल मित्र मंडल द्वारा सुखाड़िया मेमोरियल पार्क, दुर्गा नर्सरी रोड, उदयपुर में 11वें निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ प्रिया कालरा (संस्थापक , कर्मा योग रिट्रीट ) के मार्गदर्शन में योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

प्रतिभागियों को नियमित योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योग जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मकता बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योग अभ्यासों, ध्यान सत्रों एवं समूह गतिविधियों का आयोजन किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

शिविर के सफल आयोजन पर जैन सोशल ग्रुप ‘मेन’ उदयपुर, सुखाड़िया मेमोरियल मित्र मंडल तथा कर्मा योग रिट्रीट की टीम का विशेष योगदान रहा।