उदयपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने अपना जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया। उन्होंने तारा संस्थान वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर तारा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दीपेश मित्तल जी भी उपस्थित रहे।
वृद्धाश्रम में शर्मा ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके जीवन के अनुभव सुने। बुजुर्गों ने भी आत्मीयता के साथ उनसे बातचीत की तथा जन्मदिन पर सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने उन्हें श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।
शर्मा ने कहा कि जन्मदिन पर मिलने वाले उपहार अपनी जगह हैं, लेकिन बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करती है।
उन्होंने कहा कि जन्मदिन की खुशी को केवल स्वयं तक सीमित रखने के बजाय यदि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने और सेवा कार्यों में लगाया जाए, तो उस खुशी का महत्व कई गुना बढ़ जाता है।
वृद्धाश्रम के बाद शर्मा गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को चारा खिलाया और गौसेवा की। उन्होंने कहा कि संवेदना केवल शब्दों में नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में दिखाई देनी चाहिए। इंसान हो या बेजुबान जीव, जरूरत के समय उसके काम आना ही सच्ची सेवा और करुणा है।
इस अवसर पर अशोक तम्बोली, सुभाष चितोड़ा, फीरोज अहमद शेख, ओम प्रकाश आगाल, संजय मंदवानी, उत्तम प्रकाश देवड़ा, कृपा शंकर मिश्रा, कन्हैया लाल मेनारिया, डॉ. संदीप गर्ग, नितेश सर्राफ सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पंकज कुमार शर्मा के जन्मदिन मनाने के इस सेवा भावी अंदाज की उपस्थित लोगों ने सराहना की। दिन की शुरुआत बुजुर्गों के आशीर्वाद और आगे गौसेवा के साथ करते हुए उन्होंने समाज में बुजुर्गों के सम्मान, सेवा और जीव-जंतुओं के प्रति करुणा का संदेश दिया।