उदयपुर, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रीमेवाड़ सगसजी लोकसेवा संस्थान के अध्यक्ष कुंवर विजय सिंह कच्छवाहा ने अंतरराष्ट्रीय लघु कलाकार डॉ. चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित निर्मित अनेक लघु कृतिकाओं का विमोचन किया।
डॉ. चित्तौड़ा ने चावल, चौक सहित विभिन्न सामग्रियों का उपयोग करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और महिमाओं को लघु कलाकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। जन्माष्टमी के अवसर पर प्रस्तुत इन अनूठी कृतियों में कलाकार की सूक्ष्म कला, रचनात्मकता और कृष्ण भक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कुंवर विजय सिंह कच्छवाहा ने डॉ. चित्तौड़ा की कला की सराहना करते हुए कहा कि लघु कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और भगवान श्रीकृष्ण की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी कलाकृतियां हमारी समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।