उदयपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड 12 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड 12 से निर्दलीय प्रत्याशी एडवोकेट यतेन्द्र दाधीच ने रविवार को ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे वार्ड में जनसम्पर्क किया। दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुआ जनसम्पर्क अभियान पूर्बिया कॉलोनी से प्रारंभ होकर राताखेत, हर्ष नगर, 80 फीट रोड सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा।

जनसम्पर्क के दौरान दाधीच समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचे और मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने पक्ष में मतदान करने की विनम्र अपील करते हुए कहा कि वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकले जनसम्पर्क अभियान के दौरान जगह-जगह लोगों ने प्रत्याशी का स्वागत किया। दाधीच ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया तथा युवाओं और महिलाओं से भी संवाद कर वार्ड की समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि चुनाव में उनका एक-एक मत वार्ड के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जनसम्पर्क के दौरान दाधीच ने क्षेत्र की सड़क, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों का समर्थन और आशीर्वाद मिला तो वे वार्ड की समस्याओं को नगर निगम स्तर पर मजबूती से उठाते हुए उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

दाधीच ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने विवेक से मतदान करें और उन्हें अपना समर्थन प्रदान करें। जनसम्पर्क अभियान के दौरान समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी से वार्ड का माहौल चुनावी रंग में नजर आया।