जम्मू/श्रीगंगानगर/जयपुर । पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री निहालचंद की मांग पर रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु साबरमती बीजी-जम्मूतवी-साबरमती बीजी एक्सप्रेस रेलसेवा का श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक विस्तार किया जा रहा है।

साथ ही इस रेलसेवा का साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण व शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जा रहा है।पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री निहालचंद ने इस विस्तार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव सहित रेलवे के अधिकारियों का आभार जताया है।जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के इस प्रस्ताव से इलाके के राजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, बठिंडा सहित पंजाब का मालवा क्षेत्र और राजस्थान के हजारों वैष्णो देवी भक्तों को कटरा की सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।

अब तक जम्मू पहुंचने के बाद बसों, ट्रेनों को बदलकर श्रद्धालु कटरा पहुंचते रहे है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेलसेवा जो 18 अक्टूबर 2026 से साबरमती बीजी से प्रस्थान करेगी, वह जम्मूतवी के स्थान पर श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक संचालित होगी।

इसी प्रकार गाडी संख्या 19224 श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा-साबरमती बीजी रेलसेवा जो 20 अक्टूबर 2026 से जम्मूतवी के स्थान पर श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा से प्रस्थान करेगी।