जयपुर । उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 80 वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने शनिवार 15 अगस्त 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जगतपुरा, जयपुर में ध्वजारोहण किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर जगतपुरा, जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में ध्वजारोहण समारोह मनाया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्र गीत और राष्ट्रगान के पश्चात महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट एवं गाइड के परेड का निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संदेश में रेल कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे पर हो रहे विकास कार्यों का ब्यौरा दिया और सभी रेल कर्मियों से अपील की के सभी ये संकल्प लें कि अपने कार्यों और कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग और ईमानदार रहते हुए कार्य करेंगे और भारतीय रेलवे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए समर्पित रहेंगे।

महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियां बताते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कांस्य पदक विजेता उत्तर पश्चिम रेलवे के रेल कर्मी श्री यशवीर सिंह को देश और उत्तर पश्चिम रेलवे का नाम रोशन करने के लिए बहुत-बहुत बधाई दी।

स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर रेलकर्मियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त रेल रक्षक दल द्वारा आपात स्थिति में किये जाने वाले बचाव कार्यों के बारे में बताया।

रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा डॉग शो का भी आयोजन किया गया। महाप्रबंधक ने अन्य अधिकारीगण एवं महिला कल्याण संगठन की पदाधिकरियों के साथ स्वतंत्रता के प्रतीकात्मक स्वरूप तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

इस दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, मान्यताप्राप्त यूनियनों व एसोसिएशनो के पदाधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा कर्मचारीगण व उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये उपमहाप्रबंधक श्री शशांक ने महाप्रबधंक द्वारा स्वीकृत किये गये पुरस्कारों की घोषणा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल, जयपुर पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बैंड शो के माध्यम से देशक्ति धुनों की आकर्षक प्रस्तुतियां एवं देश भक्तिगीत भी प्रस्तुत किए गए।

इसके अतिरिक्त तिरंगा रैली भी निकाली गई।