उदयपुर । आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए 14 से 30 सितंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, दबिश की प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रदेश में अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

नागौर के परबतसर थाना क्षेत्र में दबिश देकर 200 लीटर स्प्रिट से भरा ड्रम जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया। पाली में रेलवे पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में आबकारी दल ने 50 बोतल अंग्रेजी शराब फोर सेल इन हरियाणा जब्त कर अभियोग दर्ज किया।

हनुमानगढ़ के थाना भादरा में एक मोटरसाईकल से 31 देशी मदिरा के पव्वे जब्त किए। आबकारी थाना संगरिया में अवैध मदिरा प्रकरण में फरार चल रहे 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

टोंक के आबकारी थाना मालपुरा में 288 देशी मदिरा के पव्वे, देवली में 9 लीटर अवैध हथकड़ शराब, 308 देषी मदिरा के पव्वे, 29 बीयर केन सहित 124 पव्वे अंग्रेजी मदिरा के जब्त कर अभियोग दर्ज किए।

केकड़ी के सावर क्षेत्र में 52 लीटर अवैध मदिरा जब्त कर अभियोग दर्ज किया।

इसी प्रकार प्रदेश में समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है