उदयपुर। होटल योइस, उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय मेगा जन-जागरूकता प्रदर्शनी “उज्ज्वल राजस्थान 3.0” का 22 अगस्त को उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ।

उदयपुर के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों, किसानों, युवाओं, उद्यमियों और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं, नीतियों, तकनीक, अनुसंधान, नवाचार एवं विकासपरक पहलों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान किया।समापन समारोह में पंजाब नेशनल बैंक के चीफ मैनेजर गिरिराज सैनी, एलआईसी के डिविजनल मैनेजर रवि कुमार नेगी, दिल्ली पब्लिक स्कूल उदयपुर के प्रिंसिपल संजय नरवरिया तथा स्टैनवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल प्रह्लाद सिंह शेखावत सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

अतिथियों ने प्रदर्शनी को सरकार, संस्थानों और आम नागरिकों के बीच संवाद एवं जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की दी जानकारीसमापन दिवस पर पीएनबी के चीफ मैनेजर गिरिराज सैनी ने बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न वित्तीय सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कार लोन, होम लोन, गोल्ड लोन सहित अन्य ऋण एवं बैंकिंग सेवाओं के बारे में नागरिकों को जागरूक किया।

इससे आगंतुकों को वित्तीय विकल्पों और ऋण सुविधाओं को सरलता से समझने का अवसर मिला।प्रदर्शनी में स्कूल-कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

युवाओं ने शिक्षा, करियर, कौशल विकास, अनुसंधान, तकनीक, नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़े अवसरों की जानकारी हासिल की।

वहीं किसानों और आम नागरिकों ने आधुनिक कृषि पद्धतियों, जैविक खेती, फसल संरक्षण, कृषि तकनीकों तथा किसान हितैषी सरकारी योजनाओं में विशेष रुचि दिखाई।नारी शक्ति सम्मान रहा विशेष आकर्षण-समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण “नारी शक्ति सम्मान” रहा।

समाज में महिलाओं के योगदान, उपलब्धियों, नेतृत्व क्षमता एवं सशक्त भूमिका को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में प्राची लक्सकर भाटी, डॉ. कविता जोशी, कंचन शर्मा, शुभ्रा जोशी, हिना पाटिक और पूनम नागदा शामिल रहीं।

सम्मान समारोह ने महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, वैज्ञानिक नवाचार, वित्तीय सेवाओं, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़े अवसरों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यार्थियों, किसानों, युवाओं, शिक्षकों, उद्यमियों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे प्रभावी जन-जागरूकता मंच के रूप में स्थापित किया।

नवाचार, विकास और अवसरों को जन-जन से जोड़ते हुए उज्ज्वल राजस्थान 3.0 का समापन “विकसित भारत 2047” के संकल्प की दिशा में एक सार्थक कदम के रूप में हुआ।