उदयपुर। लेकसिटी सीनियर सिटीजन क्लब ‘मेवाड़’ की मासिक बैठक स्थानीय गणपति विहार वाटिका, उदयपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जोशी ने की। मुख्य अतिथि पंकज जोशी, मुख्य वक्ता श्रीमती कुसुम शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि एडवोकेट श्याम सुंदर शर्मा, कृष्णकांत शर्मा, श्रीमती विभा सुखवाल एवं हिमतलाल नागदा रहे।

बैठक में क्लब के मुख्य संरक्षक के.के. शर्मा ने सदस्यों को संबोधित करते हुए बताया कि पूर्व बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस माह जन्मदिन वाले सदस्यों द्वारा गंगूकुंड पार्क में फलदार पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी माह शीघ्र ही वन भ्रमण का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए शीघ्र ही सदस्यों को आयुर्वेदिक काढ़ा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर जन्मदिन वाले 10 उपस्थित सदस्यों को माला व उपरना पहनाकर गायत्री मंत्र के साथ पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया गया तथा उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

बैठक का संचालन हरिश शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्लब महासचिव दिनेश सुखवाल ने किया। बैठक के पश्चात स्नेह भोज का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।