उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, उदयपुर द्वारा बागोर की हवेली स्थित कला वीथी में जलरंग माध्यम से सृजित चित्रों की विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ केन्द्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि कला वीथी गैलरी में गोवा एवं चित्तौड़गढ़ में आयोजित कला शिविरों के दौरान जलरंग माध्यम में सृजित चित्रों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में शामिल कलाकृतियां गोवा और चित्तौड़गढ़, राजस्थान की स्थापत्य विरासत, प्राकृतिक सौन्दर्य एवं सांस्कृतिक जीवन को सजीव और कलात्मक रूप में प्रस्तुत करती हैं।

प्रदर्शनी में गोवा के समुद्र तटों, ऐतिहासिक गिरिजाघरों, जीवंत गलियों एवं प्राकृतिक परिवेश के मनोहारी दृश्य दर्शाए गए हैं। वहीं चित्तौड़गढ़ के भव्य दुर्ग, राजप्रासादों, मंदिरों तथा वीरता और गौरव से ओतप्रोत ऐतिहासिक धरोहर को भी जलरंगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया गया है।

जलरंगों की पारदर्शिता, कोमलता और प्रकाशमय अभिव्यक्ति के माध्यम से सजी यह प्रदर्शनी दोनों क्षेत्रों की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और सौन्दर्य को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करती है। प्रदर्शनी दर्शकों को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थापत्य एवं प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ-साथ जलरंग चित्रकला की संवेदनशीलता और सौन्दर्यबोध से रूबरू होने का अवसर प्रदान करेगी। इस अवसर पर केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।