जैसलमेर । राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ओमी पुरोहित के निर्देशन में आज गुरुवार जिला मुख्यालय पर नालसा जागृति स्कीम 2025 के तहत माह अगस्त 2026 की थीम ‘सशक्त युवा-सशक्त भारत‘ विषय पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित पुरोहित द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मूल उद्देश्य युवाओं को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। बैठक की शुरूआत करते हुए प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि आज का युवा देश के भविष्य की सबसे बडी ताकत है। जब युवा कानूनी रूप से जागरूक, शिक्षित और सशक्त होंगे तभी विकसित भारत का संकल्प वास्तविक रूप से साकार हो सकेगा।
उन्होनें युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और समाज के कमजोर वर्ग को न्याय दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुफ्त कानूनी सहायता, नालसा की विभिन्न योजनाओं और साईबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में कॉलेज और विद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट, नेहरू युवा संगठन केंद्र, प्रशिक्षण कंेद्रो, खेल अकादमी के साथ विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किये जायेंगे ताकि युवाओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की सही जानकारी मिल सके तथा उन्हें कर्तव्यों के पालन के प्रति प्रेरित किया जा सके।
बैठक में एसबीके कॉलेज के प्राचार्य डॉ श्यामसुंदर मीणा, मेडिकल कॉलेज के अति0 प्राचार्य डॉ आशीष, जिला युवा अधिकारी, पंकज माडेचा, जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैरालीगल वॉलेन्टियर्स एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।