उदयपुर के विश्वविख्यात शिल्पी एवं 100 बार विश्व रिकॉर्ड होल्डर डॉ. इक़बाल सक्का ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को एक अनूठी भेंट तैयार की है। उन्होंने मात्र 2 मिलीमीटर आकार का दुनिया का सबसे छोटा चांदी का तिरंगा झंडा और 3 गुणा 2 मिलीमीटर आकार के 6 लघु स्वर्ण वायुयान बनाए हैं, जिन्हें भारतीय आधुनिक कला संग्रहालय, भारत सरकार, नई दिल्ली को भेंट किया जाएगा।

इन वायुयानों का वजन 1 ग्राम सोना है और इनके नाम क्रमशः शिक्षा विमान, विज्ञान विमान, किसान विमान, इंडिया विमान, हिंद विमान और भारत विमान रखे गए हैं। बारीक मीना-काम से सजे इन मॉडलों में पंख, पहिए और लाइट भी लगी हैं, जो केवल लेंस की मदद से देखी जा सकती हैं। ये वायुयान ऐसे प्रतीत होते हैं जैसे आसमान में उड़ते हुए लहराते तिरंगे को सलामी दे रहे हों।

डॉ. सक्का ने इन अद्वितीय कृतियों को बनाने में 10 दिन का समय लगाया है, जो राष्ट्र की आन-बान और शान का प्रतीक हैं। इन्हें भेंट करने हेतु उन्होंने प्रधानमंत्री और भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय को पत्र भेजा है।