उदयपुर। उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा उदयपुर सम्भाग की इण्डस्ट्रीज को ट्रेण्ड मैनपावर मुहैया करवाने एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मेवाड-हारमनी वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर (एम.एच.वी.टी.सी.) का संचालन किया जा रहा है। वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में जर्मनी की विश्वस्तरीय कम्पनी टीयूवी राइनलैण्ड एवं जनरेशन इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत “सोलर पीवी इन्स्टालर“ ट्रेड का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अध्यक्ष श्री मनीष गलुण्डिया एवं वीटीसी चेयरमैन श्री हंसराज चैधरी ने प्रशिक्षण किट एवं टी-शर्ट प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान यूसीसीआई के पदाधिकारियों, टीयूवी राइनलैण्ड एवं जनरेशन इंडिया फाउंडेशन के अधिकारियों ने सौर ऊर्जा के उज्ज्वल भविष्य, उसके तकनीकी पहलुओं तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर यूसीसीआई के अध्यक्ष श्री मनीष गलुण्डिया एवं स्टैण्डिग कमेटी आॅन वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर के चेयरमैन श्री हंसराज चैधरी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने तथा सौर ऊर्जा क्षेत्र में करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष श्री मनीष गलुण्डिया ने प्रतिभागियों को भविष्य में नौकरी एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन टीयूवी राइनलैंड द्वारा किया गया, जो गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए विख्यात संस्था है। इस अवसर पर टीयूवी राइनलैंड - राजस्थान के प्रभारी श्री लोकेन्द्र पंड्या, टीयूवी राइनलैंड के उदयपुर सेंटर के मैनेजर श्री दिनेश शर्मा, प्रशिक्षक पियूष एवं पुष्कर सहित पूरी टीम उपस्थित थी।