उदयपुर। मार्गदर्शी बैंक की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की जून 2026 तिमाही समीक्षा बैठकबुधवार को अतिरिक्त जिला अधिकारी दीपेन्द्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिले के बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित जमा-अग्रिम के मूलभूत आंकड़ों, प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में ऋण उपलब्धि,साख-जमा अनुपात, कृषि ऋण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण आवेदनों की प्रगति एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई।अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजय गुप्ता ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
उन्होंने सदन को अवगत कराया कि 30 जून 2026 को जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 52,902 करोड़ तथा कुल अग्रिम राशि 46,046 करोड़ रही।
इस आधार पर जून 2026 को समाप्त तिमाही में जिले का साख-जमा अनुपात 87.04 प्रतिशत रहा।नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक नीरज यादव ने बैंकों से कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह को बढ़ाने तथा निर्धारित 18 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया।
उन्होंने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना के संबंध में प्रस्तुति देते हुए पात्र परियोजनाओं को अधिकाधिक वित्तपोषण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों को प्रेरित किया।भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी राजीव चैधरी ने सभी बैंकों को जिले के साख-जमा अनुपात में सुधार, कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान सभी बैंकों को पात्र कृषकों का फसल बीमा सुनिश्चित करने तथा फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिकाधिक किसानोंको लाभान्वित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।बैठक में बैंक ऑफ बड़ोदा के आर.एम. आलोक कुमार सिंह, पी.एन.बी के आर.एम. हर्ष अरोड़ा, केनरा बैंक के आर.एम. रवि श्रीराम, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक के आर.एम. हरीश पानेरी एंवम भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक, आरजीबी डी.सी.ओ., जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हितेश जोशी, महिला अधिकारिता विभाग, एन.आर.एल.एम., राजीविका के पदाधिकारी सहित जिले में संचालित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा मार्गदर्शी बैंक कार्यालय से हेमराज सोनवाल एवं नवीन अत्रे उपस्थित रहे।बैठक के दौरान बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने, कृषि एवं प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों को अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सरकारी प्रायोजित योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।