उदयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार बुधवार को जिला परिषद सभागार में उचित मूल्य दुकान आवंटन सलाहकार समिति एवं खाद्य सुरक्षा सतर्कता समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला रसद अधिकारी श्री मनीश भटनागर ने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 2 लाख 16 हजार नाम खाद्य सुरक्षा सूची में जोड़े गए हैं, जबकि 1 लाख 92 हजार अपात्र लाभार्थियों को सूची से निष्कासित किया गया है।
जिला रसद अधिकारी ने गिव-अप अभियान के अंतर्गत अभी भी शेष सक्षम परिवारों को निष्कासन श्रेणी के अनुसार चिन्हित करने पर चर्चा की, ताकि खाद्य सुरक्षा सूची से सक्षम व्यक्तियों को हटाकर वंचित पात्र परिवारों को आवेदन प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। समिति सदस्यों ने उचित मूल्य दुकानों पर निष्कासन श्रेणी, आवंटन सलाहकार एवं सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम व संपर्क नंबर प्रदर्शित करने का सुझाव दिया, जिस पर जिला रसद अधिकारी ने सभी प्रवर्तन अधिकारियों एवं निरीक्षकों को तत्काल निर्देश जारी किए।
आवंटन सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा जिन रिक्त दूकानों हेतु साक्षात्कार आयोजित किया जाना शेश रह गया है उनको आगामी माह में विज्ञप्ति जारी किया जाना उचित होगा। इसके अलावा घरेलू गैस के दुरुपयोग एवं अवैध बायोडीजल वितरण पर विस्तृत चर्चा की गई तथा समय-समय पर विभिन्न एजेंडों बैठकों की बात रखी गई।