उदयपुर। उद्योग, उद्यमिता और आपसी सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से माहेश्वरी इंटरनेशनल बिज़नेस फाउंडेशन (एमआईबीएफ) द्वारा उदयपुर में बिज़नेस नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया गया। इस आयोजन में माहेश्वरी समाज के 100 से अधिक उद्यमियों, प्रोफेशनल्स एवं उद्योगपतियों ने सहभागिता की।

राष्ट्रीय स्तर पर व्यवसायिक संपर्कों को सशक्त बनाने तथा समाज के लिए एक सुव्यवस्थित, विश्वसनीय और नैतिक बिज़नेस नेटवर्किंग मंच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. नम्रता माहेश्वरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए समाज आधारित व्यवसायिक मंचों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आपसी सहयोग, एकता और नैतिक व्यापारिक मूल्यों को माहेश्वरी समाज की पहचान बताते हुए इन्हें और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।

इसके पश्चात एमआईबीएफ के संस्थापक संतोष लाहोटी एवं प्रशांत माहेश्वरी ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी वातावरण में एक संगठित, गुणवत्ता आधारित और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय बिज़नेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि भरोसेमंद संपर्क, सामूहिक प्रयास और साझा दृष्टिकोण से समाज के व्यवसायों को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने एमआईबीएफ की स्थापना को समाज के लिए दूरदर्शी पहल बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने समाज के उद्यमियों से इस मंच से जुड़कर देशभर में आपसी व्यवसायिक संपर्क स्थापित करने का आह्वान किया।
प्रख्यात उद्योगपति विनय राठी ने भी अपने संबोधन में कहा कि संपर्क, सहयोग और नैतिक व्यापारिक आचरण के माध्यम से छोटे एवं मध्यम व्यवसाय भी तेज़ी से प्रगति कर सकते हैं।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में भींडर के एसडीएम रमेश बहेड़िया एवं प्रमोद छापरवाल ने एमआईबीएफ के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में एस. एन. माहेश्वरी एवं अक्षय काबरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही कोलकाता, मुंबई एवं अहमदाबाद से आए एमआईबीएफ के प्रमुख सदस्य विमल परवाल, दिनेश भट्टड़ एवं मुकेश चेचानी ने भी बैठक में सहभागिता कर आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

बैठक की सफलता में हितेश भदादा, भरत बाहेती,  मयंक मूंदड़ा, श्याम मोहता, तरुण असावा एवं पंकज तोषनीवाल के विशेष योगदान की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों, प्रोफेशनल्स एवं उद्योगपतियों ने अपना संक्षिप्त परिचय देते हुए आपसी संवाद और नेटवर्किंग को मजबूती दी।

कार्यक्रम का समापन श्रद्धा गट्टानी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।