उदयपुर।  श्री वीरवाल समाज सेवा संस्थान, हिरण मगरी–मनवा खेड़ा, उदयपुर में रविवार को नवकार मंत्र जाप के पश्चात संस्थान की आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में सर्वसम्मति से श्री भूपेंद्र वीरवाल को संस्थान का नवीन अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

निर्वाचन अधिकारी रामप्रसाद बंसीवल के नेतृत्व में अध्यक्ष पद की घोषणा मार्गदर्शक मंडल के सदस्यों दौलतपुरा दायमा, बद्रीलाल वीरवाल, प्रेमचंद वीरवाल, गोविंदराम चौहान एवं चुनीलाल बंसीवाल ने की। इस अवसर पर उपस्थित समस्त समाजबंधुओं एवं संस्थान के सदस्यों ने तालियों के साथ श्री भूपेंद्र वीरवाल के मनोनयन का समर्थन करते हुए उन्हें निर्विरोध, सर्वसम्मति से अध्यक्ष स्वीकार किया।

सभा में कोषाध्यक्ष श्री हितेश बंसीवाल द्वारा संस्थान का वार्षिक वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। वहीं महामंत्री श्री लक्ष्मीनारायण चौहान ने संस्थान की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बालिका छात्रावास निर्माण योजना हेतु समाजबंधुओं से अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने की अपील की।

इस अवसर पर बालिका छात्रावास समिति अध्यक्ष श्री जगन्नाथ प्रसाद डांगलिया, महामंत्री श्री दिलखुश बंसीवाल, रामसुख, केसूलाल, गोपी लाल वीरवाल, लोकेश खिंची, अशोक सामरिया, डालचंद सामरिया, डॉ.विष्णु बंसीवल,पुष्कर बंसीवाल, डॉ. रामप्रसाद चावला,अभिषेक वीरवाल एवं संस्थान के संरक्षक श्री चम्पालाल वीरवाल सहित अनेक गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे।

सभा का समापन समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।