उदयपुर। 60 बसंत वरिष्ठ नागरिक परिषद द्वारा आयोजित स्नेह मिलन एवं 'भजन व गीत गायन प्रतियोगिता' कार्यक्रम सोमवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के अध्यक्ष व सचिव तथा विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कृष्णकांत शर्मा और राजेश पागे ने पवित्र मंत्रोच्चारण कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। तत्पश्चात परिषद के अध्यक्ष महेन्द्र जी मेहता ने स्वागत भाषण देकर उपस्थित सभी अतिथियों का अभिनन्दन किया।
परिषद के सचिव एम. पी. जैन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भजन एवं गीत गायन प्रतियोगिता रहा, जिसमें कुल 14 प्रतियोगियों ने अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरा। महिला वर्ग में श्रीमती प्रीति शाह प्रथम और श्रीमती सुनीता शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में गणपत चीतारा प्रथम तथा एल. पुष्करणा द्वितीय स्थान पर रहे।
प्रति शाह ने "आपकी नजरों ने समझा प्यार के काबिल मुझे..." और सुनीता शर्मा ने "तू जहाँ जहाँ चलेगा मेरा साया साथ होगा..." गीत प्रस्तुत किया। गणपत चीतारा ने "बने चाहे दुश्मन जमाना हमारा..." और एल. पुष्करणा ने "भोले ओ भोले..." गीत प्रस्तुत किए।
मिडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान परिषद में शामिल हुए आठ नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही मई और जून माह में जन्मदिन तथा विवाह वर्षगांठ मनाने वाले सदस्यों का विशेष सम्मान भी किया गया। समापन अवसर पर वरिष्ठ सदस्य श्रीमती स्नेहलता आंचलिया का जन्मदिन और श्री सुरेंद्र दक की विवाह वर्षगांठ मावे के विशेष केक काटकर व दीप जलाकर हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सभी सदस्यों ने तालियों और गीतों से खुशी जताई।