उदयपुर — झीलों की नगरी उदयपुर में 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को अपार उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। गांधी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष समारोह का ऐतिहासिक आगाज पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की मधुर स्वर लहरियों के साथ हुआ, जिसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान किया गया।
अनुशासित मार्च पास्ट और भव्य प्रस्तुतियां एनसीसी मुख्यालय के सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी प्रेमशंकर श्रीमाली के निर्देशन तथा परेड कमांडर पुनाराम गुर्जर के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट और गाइड की टुकड़ियों ने बैण्ड की धुन पर कदम से कदम मिलाकर अनुशासित मार्च पास्ट किया।
स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन और विविधता में एकता को दर्शाती सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। केंद्रीय कारागृह के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा ग्रुप की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समारोह का प्रभावी संचालन उद्घोषक राजेंद्र सेन, डॉ. सीमा चंपावत, रागिनी पानेरी तथा रणवीरसिंह राणावत ने किया। एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों का सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री बाबूलाल खराड़ी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उदयपुर के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया: शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी के परिजन शहीद मेजर मुस्तफा (शौर्य चक्र विजेता) के परिजन स्वतंत्रता सेनानी श्री कन्हैयालाल के परिजन उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित 69 प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने पर मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी द्वारा 69 हस्तियों और प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया: विशेष कॉर्पोरेट व कानूनी नेतृत्व: कल्पेश चंद्र राजबार (जीएम मार्केटिंग, जीएमसीएच) और वरिष्ठ अधिवक्ता रोशन लाल जैन को उनके विशिष्ट व्यावसायिक योगदान और निरंतर समाज सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पत्रकारिता एवं मीडिया: शहर के वरिष्ठ पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को निष्पक्ष, प्रभावी और जनहितैषी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक व पुलिस सेवा: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एटीएस) बुद्धराज ताखर, पुलिस उप अधीक्षक हेरंब जोशी, तहसीलदार पर्वतसिंह राठौड़, गिरदावर भंवरलाल जाट, सूचना सहायक देवेंद्र कुमार नागदा, और पुलिस कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य: डॉ. अनुराधा सनाढ्य, डॉ. अमित कडेला, डॉ. विशाल भटनागर, डॉ. कुलदीप सैनी, और नर्सिंग ऑफिसर पंकज कुमार जैन।
शिक्षा, खेल व युवा प्रतिभा: प्रधानाचार्य डॉ. मंजू बनावत, शारीरिक शिक्षक कुलदीप सिंह झाला, अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी कशिश पालीवाल, और राष्ट्रीय एथलीट खुशी रोत।
सामाजिक एवं पर्यावरण सेवा: पर्यावरणविद डॉ. पी. सी. जैन, जल संरक्षण कार्यकर्ता हिम्मत सिंह देवड़ा, लोक कलाकार कालूराम प्रजापत, और सामाजिक कार्यकर्ता शांतिलाल डांगी।
"राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा" — श्री खराड़ी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अमर बलिदानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ. अमृता दुहन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, और प्रशिक्षु आईएएस मणिमाला एन. सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।